रायपुर-गुवाहाटी पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस की चार सदस्यीय टीम को हिरासत में लिया है। जिस पर साइबर अपराध के तीन आरोपियों से रिश्वत लेने का आरोप है। साइबर अपराध के तीन आरोपियों को छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा असम से गिरफ्तार किया गया था। छत्तीसगढ़ पुलिस की इस टीम में एक निरीक्षक सहित कर्मी शामिल है।
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि दिसपुर थाने में रायपुर पुलिस के चार कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें पूछताछ के लिए मंगलवार रात हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा "रायपुर पुलिस की टीम छत्तीसगढ में हुए एक साइबर अपराध के सिलसिले में रविवार को गुवाहाटी पहंची। उसने बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया और बिहार निवासी तीन अन्य आरोपियों को सोमवार को गुवाहाटी से पकडा।"
अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ की टीम ने कथित तौर पर रिश्वत लेकर दो आरोपियों को रिहा कर दिया और तीसरे को मांगी गई रकम के भुगतान तक हिरासत में रखा। उन्होंने कहा, "हमें रिहा किए गए दोनों आरोपियों से इस मामले में शिकायत मिली थी, जिसके बाद हमने कार्रवाई की और एक अभियान चलाया। पूरी टीम को कल रात पकडकर दिसपुर थाने लाया गया।'
