Top News

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही: मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले 2 शातिर आरोपी गिरफ्तार

गृह मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर ठगे 9 लाख से अधिक रुपये, एसपी धमतरी के निर्देशन में महिला समेत दो आरोपी सलाखों के पीछे

धोखाधड़ी के खिलाफ धमतरी पुलिस का शिकंजा: फर्जीवाड़ा कर रकम ऐंठने वाले आरोपी शशि प्रभा साहू और अमित देवांगन गिरफ्तार

धमतरी -  धमतरी पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों, धोखाधड़ी एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

▪️मामले का संक्षिप्त विवरण:

प्रार्थी मनीष साहू (उम्र 27 वर्ष), निवासी भानपूरी (थाना गुरूर, जिला बालोद) ने थाना सिटी कोतवाली धमतरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार, फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू एवं अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने प्रार्थी को अपने झांसे में लेते हुए स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताया और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा पारिजात भवन (आवास) का आबंटन कराने का प्रलोभन दिया।

आरोपियों ने प्रार्थी को विश्वास में लेने के लिए बाकायदा मंत्रालय (महानदी भवन) ले जाकर बाहर खड़ा किया और भवन की कुल कीमत 14,12,000/- रुपये बताई। प्रार्थी से विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद माध्यमों से किश्तों में कुल 9,08,000/- रुपये ऐंठ लिए गए। इसके अलावा प्रार्थी से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए। जब प्रार्थी को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ और उसने रकम वापस मांगी, तो केवल 2,98,999/- रुपये लौटाए गए तथा शेष बड़ी रकम हड़प ली गई।

▪️पुलिस कार्यवाही एवं गिरफ्तारी:

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर दिनांक 20.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

▪️गिरफ्तार आरोपियों के नाम व पता:

 *(01)* शशि प्रभा साहू (पति प्रीतम साहू, उम्र 50 वर्ष)

   स्थाई पता: जंगल पारा, गांधी नगर, नगरी, जिला धमतरी (छ.ग.)

   हाल मुकाम: कमल विहार कॉलोनी, रायपुर, ब्लॉक-ई, क्वार्टर नंबर 120, जिला रायपुर।

*(02)* अमित कुमार देवांगन (पिता स्व. सुखराम देवांगन, उम्र 38 वर्ष)

   स्थाई पता: पारागांव, वार्ड क्रमांक 12, परमेश्वरी मंदिर के पीछे, भाठापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर (छ.ग.)।

धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात या अनाधिकृत व्यक्ति के झांसे में आकर मकान, नौकरी या शासकीय योजनाओं के नाम पर लेन-देन न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

और नया पुराने