Top News

हाईवे पर शैंपेन उड़ाकर लड़की ने किया रैंप वॉक, :चलती कार पर चढ़कर दिए पोज, बिलासपुर-कोरबा NH पर बनाई रील; केस दर्ज

 

बिलासपुर-छत्तीसगढ़ में बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, शैंपेन की बोतल खोलकर मस्ती की और कार की छत पर खड़े होकर अलग-अलग पोज देते हुए रील बनाई है


मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। जब रील वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस ने एक्शन लिया। नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी के मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मोटर व्हीकल एक्ट तहत केस दर्ज

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार (CG0-10-CD-141) देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर नजर आ रही है। तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे युवती चलती कार के सामने रैंप वॉक, शैंपेन की बोतल से झाग उड़ाती दिखाई दे रही है।

वहीं, कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देते नजर आ रही है। वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर ली गई है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

ड्राइविंग लाइसेंस होगा निरस्त


ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि, कार को जब्त करने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को लेटर भेजा जाएगा। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना या मुख्य मार्ग पर इस तरह का सेलिब्रेशन गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले

बता दें कि हाईवे पर रील बनाने और स्टंट करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में BMW कार सवार युवक हाईवे पर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आई थी।

वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने BMW कार जब्त कर ली थी। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने उसमें सवार युवक प्रतीक लूथर (36) के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की थी।







और नया पुराने