Top News

जिले में अब तक 783.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज नगरी में सर्वाधिक 878.2 मिमी, धमतरी में 829.4 मिमी वर्षा दर्ज

 

धमतरी, 23 अगस्त 2026। जिले में चालू मानसून वर्ष 2026 के दौरान लगातार वर्षा का दौर जारी है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त तहसीलवार वर्षा रिपोर्ट के अनुसार 1 जून 2026 से 23 अगस्त 2026 तक जिले में कुल औसत 783.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह इसी अवधि की पिछले 10 वर्षों के आधार पर निर्धारित औसत वर्षा 744.7 मिलीमीटर की तुलना में 105.2 प्रतिशत है। जिले की वार्षिक सामान्य वर्षा 1352.4 मिलीमीटर है।

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार नगरी तहसील में सर्वाधिक 878.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य औसत की तुलना में 111.1 प्रतिशत है। धमतरी तहसील में 829.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है, जो औसत की तुलना में 108.5 प्रतिशत है। इसी तरह कुरूद में 778.3 मिलीमीटर (110.5 प्रतिशत), मगरलोड में 773.9 मिलीमीटर (111.7 प्रतिशत), कुकरेल में 787.0 मिलीमीटर (99.7 प्रतिशत), बेलरगांव में 754.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। भखारा तहसील में 683.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो निर्धारित औसत की तुलना में 93.9 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के अनुसार 23 अगस्त को जिले में 130.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसमें धमतरी में 31.0, कुरूद में 19.2, मगरलोड में 12.1, नगरी में 19.2, भखारा में 9.1, कुकरेल में 25.0 तथा बेलरगांव में 14.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।



प्रशासन द्वारा वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तहसील स्तर पर वर्षा, जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर तथा संभावित आपदा की स्थिति की नियमित जानकारी संकलित की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार मैदानी क्षेत्रों का सतत निरीक्षण करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार या तेज बारिश की स्थिति में नदी, नाले, जलाशय एवं अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।


और नया पुराने