सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक व्यक्ति ने बेवफाई के शक में अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। प्रेमी को शक था कि उसकी 19 वर्षीय प्रेमिका का किसी और से अफेयर है जिसके बाद उसने पार्क में बुलाया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रेमिका की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब आठ बजे सूरजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू पार्क की है। अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है। वह अपने प्रेमी रितेश राजवाड़े के साथ पार्क में थी, तभी दोनों के बीच विवाद हो गया।
दोनों के बीच हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश को शक था कि राधिका किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है, जिसके कारण दोनों के बीच कहासुनी हुई। उन्होंने बताया कि गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू निकाला और राधिका की गर्दन पर कई बार वार कर दिए। इसके बाद वह मोटर साइकिल से मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय मौत
अधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
देर रात आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जबकि आरोपी का पता लगाने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। अधिकारी ने बताया कि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने घेराबंदी कर पीढ़ा इलाके के एक जंगल से रितेश राजवाड़े को पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में किया खुलासा
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के शक में अपराध करने की बात स्वीकार की। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

