Top News

जनहित सर्वोपरि: ट्रक यूनियन के साथ रेलवे स्टेशन रैक POINT पहुँचे महापौर रामू रोहरा, निर्माण कार्यों एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

धमतरी। शहर के विकास और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महापौर रामू रोहरा ट्रक यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ रेलवे स्टेशन रैक प्वाइंट पहुँचे। इस दौरान उन्होंने रैक प्वाइंट पर चल रहे निर्माण कार्यों, यातायात व्यवस्था तथा माल परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों एवं चालकों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि रेलवे रैक प्वाइंट शहर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बेहतर सड़क, सुचारु यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का विकास नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा और नागरिकों एवं व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि माल परिवहन सुगम हो तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महापौर रामू रोहरा का यह निरीक्षण जनहित, विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में नगर निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

और नया पुराने