Top News

अवैध प्रेम संबंध के शक में खूनी वारदात: पारिवारिक विवाद में युवक की मौत, पति और नाबालिग बेटा हिरासत में-BSP

 


बिलासपुर-- जिले के सकरी थाना क्षेत्र में पत्नी के कथित प्रेम संबंध के शक को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद एक युवक की मौत के साथ खत्म हुआ। मामले में पुलिस ने मृतक की मौत को संदिग्ध मानते हुए महिला के पति और उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कांबले को अपनी पत्नी और राम्हेपुर निवासी 27 वर्षीय दावेंद्र बघेल के बीच संबंध होने का संदेह था। इसी वजह से परिवार में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। शनिवार को भी इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान शिव कांबले ने अपनी पत्नी से दावेंद्र बघेल को घर बुलाने के लिए कहा।

महिला के फोन करने पर दावेंद्र घर पहुंचा, जहां उसके और परिवार के लोगों के बीच बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को गंभीर होते देख महिला घर से निकलकर सीधे सकरी थाने पहुंची और पुलिस को संभावित अनहोनी की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दावेंद्र बघेल की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में युवक के साथ मारपीट और गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में शिव कांबले और उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है

और नया पुराने