सड़क दुर्घटना पीड़ित को
मिला तत्काल निःशुल्क उपचार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांकेर के ग्राम चिहरो (तहसील दुर्गकोंदल) निवासी 23 वर्षीय भागवत प्रसाद दुग्गा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिनांक 01 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 8:00 से 8:30 बजे के बीच भानुप्रतापपुर (कांकेर) के समीप दुर्घटना होने के बाद उन्हें परिजनों द्वारा उसी रात लगभग 12:35 बजे नंदा हॉस्पिटल, धमतरी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में मरीज को गंभीर सिर की चोट (Head Injury), बाएं फ्रंटल लोब में एक्स्ट्राड्यूरल ब्लीड तथा चेहरे की अनेक हड्डियों में फ्रैक्चर पाया गया। चिकित्सकों द्वारा तत्परता से उपचार प्रारंभ करते हुए पीएम-राहत योजना के प्रावधानों के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया गया।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती कराने पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार एक सप्ताह तक प्रदान किया जाता है। समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार के पश्चात मरीज के स्वास्थ्य में सुधार हुआ तथा दिनांक 08 अप्रैल 2026 को उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। मरीज एवं उनके परिजनों द्वारा शासन की इस संवेदनशील पहल के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके अतिरिक्त जिले में अन्य दुर्घटना पीड़ितों को भी योजना का लाभ प्राप्त हुआ है, जिनमें सूर्यकांत ठाकुर (जिला अस्पताल, धमतरी), नारायण साहू (एकता हॉस्पिटल, धमतरी) तथा अवन लाल ध्रुव (शिवनंदा हॉस्पिटल, धमतरी) शामिल हैं, जिन्हें योजना के तहत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को शीघ्रतम निकटतम पंजीकृत अस्पताल में पहुंचाएं, जिससे उन्हें पीएम-राहत योजना का त्वरित लाभ मिल सके और समय पर उपचार से जीवन की रक्षा की जा सके।
