Top News

वृंदावन में पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना नदी में पलटी, 10 की मौत, पांच की तलाश जारी

 


मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में दर्दनाक नाव हादसा हुआ है। इस हादसे में अब तक 10 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। वृंदावन में यमुना नदी में बोट के पलटने से हादसे की खबर है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, अब तक 22 लोगों को जिंदा निकाले जाने की बात सामने आई है। 


सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा नाव हादसे पर स्थानीय प्रशासन से पूरी रिपोर्ट ली है। साथ ही, अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर घायलों की समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। सीएम के निर्देश के बाद मथुरा के तमाम सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।

डीआईजी ने की मौतों की पुष्टि

मथुरा डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने मथुरा के वृंदावन नाव हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पांटून पुल से टकराने के कारण नाव के पलटने की सूचना है। इस मामले में नाव में सवार लोगों की सही संख्या की जानकारी ली जा रही है। इसके लिए नाव में सवार लोगों से बातचीत की जा रही है। 25 से 27 लोगों के नाव में सवार होने की बात कही जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

अदिति सिंह ने कहा, घटना पीड़ादायक

भाजपा विधायक अदिति सिंह ने मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना को हृदयविदारक बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

समाजवादी पार्टी ने की मांग

समाजवादी पार्टी ने मथुरा नाव हादसे पर सरकार से पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पार्टी की ओर से घटना में मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया गया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि मथुरा में यमुना में स्टीमर डूबने से 6 पर्यटकों की मौत, 10 लोग लापता, अत्यंत हृदय विदारक घटना है। पार्टी ने कहा कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले। लापता लोगों की जल्द तलाश की जाए। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।

अशोक कटारिया ने जताया शोक

यूपी विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने मथुरा नाव हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मथुरा जिले में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें । प्रभु दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें 

और नया पुराने