धमतरी-प्रदेश सहित धमतरी जिले के लाखों राशनकार्ड धारियों और नए आवेदकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब नया राशनकार्ड बनवाने, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने या मृत एवं अनुपस्थित सदस्य का नाम हटाने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और ऑनलाइन कर दिया है।
अब हितग्राही सेवा-सेतु पोर्टल (ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल) के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। वहीं ऑनलाइन प्रक्रिया में असमर्थ लोग अपने नजदीकी चॉइस सेंटर में जाकर मात्र 30 रुपये सेवा शुल्क देकर आवेदन करा सकेंगे। खाद्य विभाग के संचालक ने धमतरी सहित प्रदेश के सभी कलेक्टरों को नई व्यवस्था तत्काल लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की एजेंसी चिप्स द्वारा पोर्टल सेवा-सेतु पोर्टल पर आवश्यक तकनीकी बदलाव कर दिए गए हैं। आवेदन के बाद हितग्राही के मोबाइल पर एप्लिकेशन नंबर भेजा जाएगा, जिससे वे घर बैठे आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकेंगे।खाद्य विभाग ने बताया कि नई व्यवस्था से प्रक्रिया पारदर्शी होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। जिला खाद्य शाखा को राशनकार्ड कवर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि हितग्राहियों को भटकना न पड़े। शासन ने सभी राशन दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों और वार्ड कार्यालयों में बैनर-पोस्टर लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।


