Top News

आधी रात हाईवोल्टेज ड्रामा, बिना NO. प्लेट बाइक की जांच के दौरान विवाद, पुलिस और युवक का वीडियो वायरल धमतरी पुलिस पर युवक ने आधी रात को अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं,इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

 


धमतरी : धमतरी जिले में आधी 4-5 जून की दरमियानी रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटियाडीह ब्रिज के पास की बताई जा रही है. जहां फिक्स्ड पेट्रोलिंग प्वाइंट पर पुलिस वाहन जांच की जा रही थी.

पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस ने एक बाइक को जांच के लिए रोका. बताया जा रहा है कि बाइक का आगे का नंबर प्लेट टूटा हुआ था. पूछताछ के दौरान युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गई. युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, थप्पड़ मारा और बाइक की चाबी छीन ली. युवक का कहना था कि वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ फिल्म देखकर घर लौट रहा था,तभी अभद्रता की गई.

युवक ने बनाया घटना का वीडियो

घटना के दौरान युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में युवक लगातार पुलिसकर्मियों से सवाल-जवाब करता और आरोप लगाता दिखाई दे रहा है. वहीं वीडियो में कुछ समय के लिए पुलिस और युवक के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी नजर आती है.वीडियो में थाना प्रभारी के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवक पुलिस पर थप्पड़ मारने और गलत व्यवहार करने के आरोप लगाता दिखाई देता है. बताया जा रहा है कि युवक बार-बार एक ही बात दोहराते हुए पुलिसकर्मियों से बहस करता रहा. इस दौरान उसने अपनी पत्नी को भी वीडियो बनाने के लिए कहा और सड़क से गुजर रहे भारी वाहनों को रोककर मदद की गुहार लगाने की कोशिश की.

क्या है घटना को लेकर पुलिस का पक्ष

पुलिस के अनुसार, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के लिए नियमित रूप से फिक्स्ड पेट्रोलिंग प्वाइंट लगाए जाते हैं. मुजगहन-पोटियाडीह बाईपास क्षेत्र में भी प्रतिदिन रात 12 बजे से चेकिंग अभियान चलाया जाता है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिस बाइक को रोका गया था उसका आगे का नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त था. बाइक सवार से वाहन एवं पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसने दस्तावेज दिखाने के बजाय पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी.

पुलिस ने आरोपों को बताया गलत

पुलिस के मुताबिक युवक किसी भी प्रकार की पहचान संबंधी जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं करा सका और लगातार वीडियो बनाकर पुलिसकर्मियों को उकसाने का प्रयास करता रहा. पुलिस ने बताया कि युवक ने स्वयं को आमदी का निवासी बताया, लेकिन किराए पर रहने संबंधी जानकारी थाने में दर्ज नहीं थी. बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधि से संपर्क कर युवक की जानकारी ली गई. सत्यापन के बाद उसे अगले दिन संबंधित दस्तावेजों के साथ थाने में उपस्थित होने की हिदायत देकर रवाना किया गया.


थाना प्रभारी युवक से पूरी नम्रता के साथ पूछताछ कर रहे थे. जांच के दौरान युवक द्वारा दिखाए गए दस्तावेज और वाहन के विवरण में भी विसंगति पाई गई. पुलिस के अनुसार वाहन के दस्तावेज एक अन्य जिले के थे, जबकि बाइक का पंजीयन अलग जिले का बताया गया. साथ ही बाइक का नंबर प्लेट भी टूटा हुआ था. वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. जांच के बाद तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट होगी- अभिषेक चतुर्वेदी, सीएसपी


सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा

गौरतलब है कि मुजगहन-लोहरसी बाईपास और पोटियाडीह ब्रिज क्षेत्र में पूर्व में लूटपाट और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के महीनों में इस क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय पेट्रोलिंग और नियमित चेकिंग के कारण अपराधों पर नियंत्रण की स्थिति बनी है. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि युवक ने वीडियो एडिट कर वायरल किया है जबकि पुलिस ने उसी समय के दूसरे वीडियो जारी किया है जिसमे देखा जा सकता है कि पुलिस किस प्रकार युवक से बात कर रही है.फिलहाल वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई को लेकर जांच जारी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.




और नया पुराने