ओलंपिक्स गोथिया कप में कांस्य पदक जीतने वाले नगर निगम कर्मचारी सत्यांशु दीप का सम्मान
धमतरी। ओलंपिक्स गोथिया कप 2026 में भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम के सदस्य के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर धमतरी शहर, छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी एवं नगर निगम कर्मचारी सत्यांशु दीप का गुरुवार को नगर निगम के सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मान किया गया।
इस अवसर पर महापौर ने सत्यांशु दीप को सम्मानित करते हुए कहा कि बहुत कम संसाधनों के बावजूद सत्यांशु ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर विदेश में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने न केवल धमतरी, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि दिव्यांगता किसी की क्षमता की सीमा नहीं है। दिव्यांग का अर्थ ही दिव्य अंग है। सत्यांशु ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो कोई भी चुनौती सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती।
उन्होंने कहा कि सत्यांशु दीप की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा। महापौर ने अपनी ओर से सत्यांशु को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हुए कहा कि उनकी ट्रेनिंग और खेल गतिविधियों के लिए भविष्य में भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्यांशु जैसे खिलाड़ी युवाओं और दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।इस अवसर पर सभापति कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण एवं एल्डरमैन उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सत्यांशु दीप की उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान समारोह में सत्यांशु के परिजनों और शुभचिंतकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।अंत में आभार व्यक्त नगर निगम आयुक्त ने किया

