Top News

IMA धमतरी के तत्वाधान में धमतरी रेडियोलॉजिकल एसोसिएशन की बैठक


धमतरी- जिला कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. युएल कौशिक के सतत प्रयासों के फलस्वरूप आज आईएमए धमतरी के तत्वावधान में धमतरी रेडियोलॉजिकल एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में यह अवलोकन किया गया कि शासकीय अस्पताल धमतरी में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच की मांग के अनुरूप सेवाएं प्रदान करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। कई बार मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए लंबी तारीखें दी जाती थीं, जिससे विशेषकर गर्भवती महिलाओं, खासकर उच्च-जोखिम (High-risk) गर्भावस्था वाले मामलों में समय पर निदान कर पाना कठिन हो रहा था।

इस समस्या के समाधान हेतु कलेक्टर धमतरी  अबिनाश मिश्रा एवं CMHO धमतरी डॉ. युएल कौशिक द्वारा रेडियोलॉजिकल एसोसिएशन एवं आईएमए धमतरी के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि शासकीय अस्पताल धमतरी से अल्ट्रासाउंड हेतु संदर्भित सभी मरीजों की जांच निम्नलिखित निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों में 50% रियायती दर पर की जाएगी।

उदाहरण स्वरूप

अल्ट्रासाउंड एब्डोमेन- जिसकी वर्तमान दर 1200 रुपये है, अब 600 रुपये में की जाएगी।

 OBS (प्रेग्नेंसी) स्कैन- जिसकी सामान्य दर लगभग 1200 रुपये है, वह भी 600 रुपये में उपलब्ध होगा।

 विकृति जांच (Anomaly Scan)- जिसकी सामान्य दर 2400 रुपये है, वह 1200 रुपये में की जाएगी।

 डॉप्लर (Doppler) जांच- जिसकी सामान्य दर 2400 रुपये है, वह भी 1200 रुपये में उपलब्ध होगी।

यह सुविधा दिनांक 1 मई 2026 से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

इस पहल के अंतर्गत निम्नलिखित डायग्नोस्टिक केंद्रों में रियायती दरों पर सेवाएं उपलब्ध होंगी:

अभिलाषा डायग्नोस्टिक सेंटर – डॉ. राजेश प्रकाश

 यश डायग्नोस्टिक सेंटर – डॉ. चंद्रशेखर ध्रुवा

 आस्था डायग्नोस्टिक्स – डॉ. आस्था नंदा

 श्रीराम हॉस्पिटल – डॉ. सौरभ साहू

 सेवेंद्र डायग्नोस्टिक सेंटर (DCH) – डॉ. भीष्म सेवेंद्र

 उपाध्याय हॉस्पिटल स्थित डायग्नोस्टिक सेंटर – डॉ. नीरज शर्मा

इस संबंध में आईएमए धमतरी के सचिव डॉ. विभोर नंदा द्वारा कलेक्टर  अभिनाश मिश्रा एवं CMHO डॉ. युएल कौशिक को औपचारिक रूप से अवगत कराया गया, जिस पर दोनों अधिकारियों ने रेडियोलॉजिकल एसोसिएशन एवं आईएमए धमतरी के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

यह पहल विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के हित में की गई है, जिससे उन्हें समय पर एवं सुलभ जांच सुविधा मिल सकेगी। इससे विशेषकर गर्भवती महिलाओं में संभावित जटिलताओं का समय रहते निदान एवं उपचार संभव हो सकेगा।

धमतरी रेडियोलॉजिकल एसोसिएशन एवं आईएमए धमतरी द्वारा इस जनहितकारी निर्णय के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद एवं बधाई दी गई है।

और नया पुराने