भाटापारा के मेहता नगर बस्ती में मिले युवक के शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है.शव संदिग्ध हालत में मिला था,जिसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला हत्या का निकला. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज होने के महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया. मामला शराब पिलाने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गया.आरोपी ने लोहे के टंगिया से गर्दन पर प्राणघातक वार कर युवक की हत्या कर दी और हथियार झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया था.
क्या था मामला ?
10 फरवरी 2026 की सुबह थाना भाटापारा पुलिस को सूचना मिली कि मेहता नगर बस्ती में एक युवक का शव पड़ा है.सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच में मृतक की पहचान सोनू गायकवाड के रूप में हुई, जो मूल रूप से ग्राम पेंडरी-भटभेरा, थाना सुहेला का निवासी था. सोनू पिछले लगभग छह महीनों से मेहता नगर में रहकर रोजी-मजदूरी का काम कर रहा था.स्थानीय स्तर पर वह मजदूर के रूप में जाना जाता था और आसपास के लोगों से उसका सामान्य परिचय था.