Top News

आईएमए धमतरी और रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में रोबोटिक सर्जरी पर भव्य CME का आयोजन

 

धमतरी, 13 सितंबर 2026: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) धमतरी और रायपुर के प्रसिद्ध रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के सहयोग से 12 सितंबर को धमतरी में एक विशेष सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में लैप्रोस्कोपिक, मिनिमल इनवेसिव और रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र के जाने-माने विशेषज्ञ और प्रणेता डॉ. संदीप दवे ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की।

इस सीएमई का मुख्य विषय 'सर्जरी में रोबोटिक्स की भूमिका' था। डॉ. संदीप दवे ने अपने संबोधन में सर्जिकल क्षेत्र में रोबोटिक्स के बढ़ते प्रभाव और आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने पित्ताशय (Gallbladder), कैंसर और किडनी की जटिल सर्जरी के रिकॉर्डेड वीडियो साझा करते हुए रोबोटिक तकनीक के अनगिनत फायदों के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोबोटिक आर्म्स की मूवमेंट की असीमित डिग्री, आसान मैंउवरिंग और बेहतरीन सटीकता (Precision) के कारण इसमें मानवीय त्रुटियों और हाथों की कंपकंपी (Tremors) की गुंजाइश बिल्कुल नहीं रहती, जिससे मरीज की रिकवरी बहुत तेज हो जाती है। हालांकि उन्होंने इस तकनीक की शुरुआती लागत (Cost) पर भी बात की, लेकिन उम्मीद जताई कि भारतीय रोबोट्स के बाजार में आने से यह इलाज आम जनता के लिए भी अधिक सुलभ हो जाएगा।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमएचओ धमतरी डॉ. यू.एल. कौशिक ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और डॉ. संदीप दवे का धमतरी पधारने तथा रोबोटिक सर्जरी के अनमोल अनुभव साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए धमतरी की अध्यक्ष डॉ. वर्षा जैन और संचालन सचिव डॉ. विभोर नंदा ने किया। इस दौरान आईएमए के कई वरिष्ठ सदस्य और चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों और वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिसके पश्चात प्रीतिभोज (Dinner) का आयोजन हुआ।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. वर्षा जैन और सचिव डॉ. विभोर नंदा ने डॉ. संदीप दवे और रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स की टीम का बहुमूल्य समय निकालकर धमतरी आने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने दोहराया कि आईएमए धमतरी समाज के स्वास्थ्य कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्थानीय प्रशासनिक निकायों के साथ मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहा है। साथ ही, यह भी घोषणा की गई कि आगामी 19 सितंबर को एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। आईएमए धमतरी चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में नवीनतम अपडेट्स को अपने सदस्यों तक पहुँचाने और समाजहित में ऐसी सीएमई श्रृंखलाएं निरंतर आयोजित करता रहेगा।

और नया पुराने