धमतरी/रायपुर, 19 अगस्त 2026। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी से भखारा होकर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुबह 6.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक भारी वाहनों का इस मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जिला परिवहन विभाग द्वारा अर्जुन मोड़ (भखारा), खपरी उत्तर (बस्ती) और अटल चौक पर निर्धारित यातायात व्यवस्था से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। यातायात व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों का उद्देश्य आमजन की सुविधा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग एवं समय-सीमा का पालन करने की अपील की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात संकेतकों और नियमों का पालन करें तथा निर्धारित समय में भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करें। सभी के सहयोग से सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।


